
कपकोट। कपकोट तहसील के सुदूरवर्ती गांव लीती और कीमू भूस्खलन की दृष्टि से अति संवेदनशील है। यहां के 35 एससी परिवार गत छह साल से पुनर्वास की मांग कर रहे हैं। लेकिन उनकी मांग आज तक नहीं मानी गई है। ग्रामीणों ने आज उपजिलाधिकारी कैलाश टोलिया को ज्ञापन देकर शीघ्र विस्थापन कराने की मांग की है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य आनंद प्रकाश के नेतृत्व में ग्रामीण तहसील मुख्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम श्री टोलिया से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि उनका तोक भूस्खलन की दृष्टि से अति संवेदनशील है। 2007 से 35 परिवारों को गांव में ही अन्यत्र विस्थापित करने की मांग कर रहे हैं। लेकिन उनकी आज तक नहीं सुनी गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में गत एक सप्ताह से लगातार बारिश हो रही है। जिस कारण उनकी परेशानी और बढ़ रही है। उन्होंने शीघ्र विस्थापन करने की मांग दोहराई है। मांग करने वालों में ग्राम प्रधान उमेद राम, पदीमा देवी, हरी राम, शेर राम तथा प्रेम राम आदि शामिल हैं।
