
हल्द्वानी। महज एक रुपये के लिए हुए विवाद में दुकानदार ने भाई के साथ मिलकर स्क्रैप व्यापारी की पिटाई कर दी। लाठी-डंडों से उस पर हमला भी किया। घायल स्क्रैप व्यापारी की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वनभूलपुरा चौकी के लाइन नंबर सात निवासी स्क्रैप व्यापारी अतहर हुसैन दोपहर करीब 12 बजे अपनी ही गली में स्थित एक किराने की दुकान पर सिगरेट पीने गए। वहां उसने तीन सिगरेट ली। सिगरेट के लिए दुकानदार ने 12 रुपये मांगे, जिसका अतहर ने विरोध किया। इस बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। दुकानदार ने अपने भाई के साथ मिलकर अतहर पर हमला कर दिया। किसी तरह आसपास के लोगाे ने उसे छुड़ाया। बेस अस्पताल में मेडिकल करवाने के बाद उसने दोनों भाइयों के खिलाफ चौकी में तहरीर दी।
