
देहरादून। कुत्ते को टहलाने घर से बाहर आई महिला की चेन स्कूटर सवार बदमाश ने लूट ली। महिला के शोर मचाने पर लोग घरों से बाहर आए, लेकिन तब तक बदमाश भाग निकला। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया।
ब्राह्मणवाला स्थित एनी लोशन माडर्न स्कूल संचालक रत्न सिंह पंवार की पत्नी आशा पंवार (55) दोपहर को खाना खाकर कुत्ते को टहलाने निकली थीं। तभी एक स्कूटर सवार युवक उनके पास आकर रुका। युवक ने आशा पंवार से पूछा कि गुप्ता जी का घर कहां पर है। महिला जैसे ही कुछ सोचती, बदमाश ने झपटा मारकर चेन खींच ली और भाग खड़ा हुआ। महिला ने शोर मचाया तो आसपास रहने वाले लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। महिला ने पुलिस को बताया कि युवक का स्कूटर काफी पुराना था और उसने काली टी-शर्ट पहनी हुई थी।
आखिर कितने गैंग हैं शहर में…
देहरादून। आखिर शहर में चेन लुटेरों के कितने गैंग हैं, यह बात पुलिस के पल्ले भी नहीं पड़ रही है। पुलिस एक गैंग के बारे में तफ्तीश शुरू करती है तो दूसरा गैंग सामने आ जाता है। अप्रैल में क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में हुई पर्स लूट में बाइक सवार युवक शामिल थे। उसके बाद हुई घटना में स्कूटी सवार और धामावाला बाजार में हुई घटना में तो बदमाश पैदल ही था। यह सभी अलग-अलग गैंग के थे। अब ब्राह्मणवाला में हुई घटना में बदमाश बहुत पुराने स्कूटर पर अकेले ही आया था।
