
लंबगांव (टिहरी)। प्रतापनगर प्रखंड में रैका पट्टी के ओखलाखाल में स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के प्रबंधक और कैशियर पर खाताधारकों ने बदसलूकी का आरोप लगाया है। लोगों का आरोप है है कि कई बार आहरित राशि पूरी नहीं दी जाती है।
क्षेत्र के खाताधारकों ने बैंक के महाप्रबंधक को भेजे ज्ञापन में बताया कि बैंक कर्मियों के अभद्र व्यवहार से वह खासे व्यथित हैं। खाताधारक विमला, रोशनी, सुनीता, आरती, रवि सिंह, दीपचंद, पम्मू लाल और रेशमा ने बताया कि बैंक कैशियर कई बार निकासी फार्म में अंकित राशि से कम भुगतान करते हैं। ओखला के खाताधारक जीएस बिष्ट ने बताया कि वह 10 जून को बैंक गए थे, लेकिन पूरे दिन इंतजार के बाद भी उन्हें कैश नहीं दिया गया।
खाताधारकों के साथ बदसलूकी तथा लेन-देन में गड़बड़ी करना गंभीर मामला है। उनसे स्पष्टीकरण मांग कर जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने पर संबंधित कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। -एलएस बरवाल, महाप्रबंधक उत्तराखंड ग्रामीण बैंक।
जब कैश के लिए नई टिहरी जाना पड़ता है, तब कैश वितरण में देरी हो जाती है। आहरण राशि कम देने की बात है, तो खाताधारकों को इसकी शिकायत लिखित में करनी चाहिए।- एमएल शर्मा, प्रबंधक उत्तराखंड ग्रामीण बैंक ओखलाखाल।
