
चंपावत। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने विभिन्न योजनाओं में अब तक प्राप्त धनराशि और पिछले वित्तीय वर्ष की बकाया राशि का उपयोग 31 जुलाई तक करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष के अंत के लिए धनराशि को बचाकर रखने की प्रवृत्ति को समाप्त किया जाएगा।
जिला योजना, राज्य सेक्टर और केंद्र सेक्टर से विकास कार्यों के लिए मिली धनराशि की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा कि अब तक प्राप्त धनराशि को 31 जुलाई तक खर्च करना जरूरी है। जिन कार्यों में धनराशि को खर्च किया जाना है उसका संक्षिप्त विवरण दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने को कहा गया है। हर योजना का स्थलीय निरीक्षण और भौतिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। जिला योजना में जिन विभागों को धन मिल गया है वह पूरी कार्ययोजना तैयार कर जिला अर्थ संख्या अधिकारी के माध्यम से अनुमोदन के लिए प्रस्तुत करें। जिन विभागों को धन खर्च करने में दिक्कत आ रही है वह समस्या से अवगत कराएं ताकि उसका समाधान किया जा सके। जिलाधिकारी ने पिछले वित्तीय वर्ष की शेष धनराशि को खर्च न करने वाले शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, लोनिवि, वन, स्वजल, लघु सिंचाई विभागों के अधिकारियों से कहा कि वह इस माह के अंत तक शेष धनराशि को हर हाल में खर्च कर लें।
