
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र से गंदे पानी की निकासी के लिए कड़ूवाला नाले पर खर्च किए गए 11 लाख बेकार साबित हुए हैं। बीबीएनडीए ने यह नाला हाल ही में तैयार किया है। नियमित सफाई न होने से यह नाला लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बारिश होने के कारण साईं रोड और बस स्टैंड की दुकानों के जलमग्न होने से दुकानदारों को काफी नुकसान हुआ है।
शनिवार को तेज बारिश के कारण मलबा भरने से नाला अवरुद्ध हो गया। नाला अवरुद्ध होने से बारिश का पानी और मलबा लेही व कड़ूवाना गांव के लोगों के घरों व जमीन में घुस गया। रात के समय हुई बारिश के कारण लोगों में अफरातफरी मच गई। घरों में रखे सामान को सुरक्षित स्थान पर रखा गया। मलबा भरने से आधा दर्जन से अधिक किसानों की पांच बीघा उपजाऊ जमीन खरीब हो गई। जीत सिंह, प्रेम चंद, केहर सिंह और निर्मल सिंह की उपजाऊ जमीन में घुस गया। बीबीएनडीए के सहायक अभियंता अजय शर्मा ने बताया कि शीघ्र ही संबंधित क्षेत्र के दौरा किया जाएगा तथा नाले को खोलने के लिए कामगारों को लगाया जाएगा।
साईं रोड के निवासी पंकज ठाकुर ने प्रशासन पर आरोप जड़ा कि सफाई न होने की वजह से पुलिया बंद थी और उसका खामियाजा हमें भुगतना पड़ा। बस स्टैंड पर स्थित दुकान चौधरी हार्डवेयर में पानी जा घुसा जिससे हजारों का नुकसान हो गया। यहीं पर एक कंफेक्शनरी की दुकानों में भारी नुकसान बताया जा रहा है। इस संबंध में नगर परिषद के अध्यक्ष चौधरी मदन लाल ने बताया कि नालियों को पहले ही परिषद ने साफ करवा दिया था। तेज बारिश होने से ऐसा हुआ है।
