कांग्रेसियों ने भरोसा दिया, सरकार ने तोड़ दिया

शिमला। स्कूलों में छुट्टियों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है पर बिना बदलाव के। दो साल से सरकारी स्कूलों के शिक्षक, निजी स्कूल संघ, पंचायत प्रतिनिधि और स्कूल प्रबंधन समितियां शेड्यूल बदलवाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। शेड्यूल जारी होने के बाद आरोप लगाया गया है कि चुनाव के वक्त कांग्रेस नेताओं ने शेडयूल बदलने के नाम पर वोट मांग थे। भरोसा मिला था कि सत्ता में आने के बाद शेड्यूल को बदल दिया जाएगा। पर जिस कांग्रेस ने भरोसा दिया था, सरकार में आने के बाद उसे तोड़ दिया।
प्रदेश निजी स्कूल संघ के अध्यक्ष यूएस चौहान और महासचिव रवि अस्टा ने कहा कि दो साल से उनका संघ शिक्षा विभाग और प्रदेश सरकार से शेडयूल को पहले की तरह से करने, वार्षिक परीक्षाएं दिसंबर में और 16 फरवरी तक स्कूलों में सर्दियों की छुट्टियां करने की मांग कर रहा है। उन्होंने सरकार और विभाग से मांग की है कि इस फैसले पर पुनर्विचार कर इसके लिए एसएमसी, निजी स्कूल संघ और शिक्षक संघों द्वारा मांगे गए सुझावों के मुताबिक ही तय किया जाए। शीतकालीन स्कूलों में दिसंबर माह में परीक्षाएं और 15 फरवरी तक छुट्टियां की जाएं। उधर हिमाचल प्रदेश स्कूल डीपीईज संघ के प्रधान दिनेश जकटा और कार्यालय सचिव प्रमोद चौहान ने भी कहा कि शेडयूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने मांग की है कि शेडयूल पर दोबारा विचार कर इसे पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की तरह रहने दिया जाए।

Related posts