
मंडी। मंडी संसदीय क्षेत्र उपचुनाव में जीत के लिए बारिश की फुहारों के बीच सियासी दलों का प्रचार अभियान जारी रहा, मगर कार्यकर्ता रैलियां निकालने में सफल नहीं हो पाए। पिछले चार दिन से हो रही मूसलाधार बारिश ने प्रचारकों के जोश में खलल डाले रखा। उम्मीदवारों को छाते लेकर लोगों के बीच जाकर वोट मांगने पड़े। वहीं बड़ी चुनावी सभाएं बारिश के चलते कमरों और तंबुओं में सिमट कर रह गई। कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशियों ने मंडी जिला के बल्ह और नाचन तथा सराज में चुनाव प्रचार कर अपने-अपने पक्ष में वोट मांगे। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने बल्ह विधानसभा क्षेत्र की भडयाल, राजगढ़, डडौर, अरठी, दौंहदी, पैड़ी, कांढी और बाल्ट आदि क्षेत्रों में चुनाव प्रचार के दौरान लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि पहले ये लोग राम का नाम लेते थे, अब धरती पुत्र का नारा देकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। मगर इससे भाजपा को मंडी संसदीय क्षेत्र में जीत हासिल नहीं होगी। क्योंकि क्षेत्र की जनता जानती है कि कांग्रेस ने पूरे हिमाचल का समग्र विकास किया है। बारिश के बावजूद चुनाव प्रचार बदस्तूर जारी रहा। इधर, भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने भी शनिवार को बग्गी, चैलचौक, देलग टिकरी, गोहर, बस्सी, धरोट, कांडा, बगस्याड, शिकावरी, लंबाथाच, जरोल और जंजैहली में चुनाव प्रचार किया। जयराम ठाकुर ने अपनी सभाओं में सराज के लोगों को कहा कि पहले भी आपने कांग्रेस की चुनौती का मुंहतोड़ जवाब दिया है। अब आपके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। मंडी संसदीय क्षेत्र के सभी 17 विधानसभा क्षेत्रों में सराज से सबसे ज्यादा लीड आनी चाहिए। बारिश के दौरान भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिले में अपने-अपने स्तर पर चुनाव प्रचार कर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में वोट मांगे।
