
रोहडू। नावर क्षेत्र के तहत थाना भैधार सड़क पर मैटलिंग कार्य टेंडर होने के आठ माह बाद भी शुरू नहीं हो पाया है। अनुकूल मौसम में मैटलिंग न होने से अब वर्षा का सिलसिला शुरू होने पर एक बार फिर मैटलिंग का कार्य अधर में लटक गया है। स्थानीय लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग उठाई है कि शीघ्र मैटलिंग का कार्य शुरू किया जाए।
थाना भैधार सड़क पर करीब आठ लाख रुपये की लागत से होेने वाली मैटलिंग का टेंडर 25 सितंबर वर्ष 2012 को हुआ था। लेकिन, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के आठ माह बाद भी सही समय पर मैटलिंग शुरू नहीं की गई। अब वर्षा का क्रम शुरू हो गया है। ऐसे में मैटलिंग का कार्य अधर में लटक गया है।
स्थानीय निवासी राम प्रकाश जगीथटा, रतन पानेट, कृष्ण लाल, जगदीश, गोपाल तथा नरेश ने बताया कि मैटलिंग का टेंडर हुए आठ माह से अधिक समय हो गया है। लेकिन, ठेकेदार ने अभी तक सड़क पर कार्य शुरू नहीं किया है। अब वर्षा का सिलसिला शुरू हो गया है। ऐसे में मैटलिंग का कार्य होना मुश्किल है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता करतार चंद ने बताया कि ठेकेदार को शीघ्र कार्य शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे। मैटलिंग कार्य को शीघ्र पूरा करवाया जाएगा।
