डकोलड़ में वाहन ने युवक कुचला, मौत

रामपुर बुशहर। शहर के साथ लगते डकोलड़ में वाहन ने एक युवक को बुरी तरह कुचल डाला। इससे उसकी मौत हो गई। युवक यहां गैमन कंपनी में बतौर जेसीबी आपरेटर था। युवक को कुचलने वाली गाड़ी के बारे में अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर गाड़ी की तलाश शुरू कर दी है। मृतक की पहचान मंडी जिले के सुंदरनगर निवासी संजू (24) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि डकोलड़ के पास शुक्रवार रात पौने दस बजे के करीब एक गाड़ी ने उसे कुचल डाला।
कुछ युवकों ने उसे 108 एंबुलेंस में खनेरी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन यहां कुछ देर बाद युवक ने दम तोड़ दिया। इधर, युवक को कुचलने वाली गाड़ी के बारे में कोई पता नहीं चल पाया है। सूचना के मुताबिक घटना को अंजाम देने के बाद चालक अपनी गाड़ी को लेकर मौके से फरार हो गया। एसडीपीओ सुनील नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और वाहन की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शनिवार को युवक के शव को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इधर, सीटू नेता एवं किसान सभा के अध्यक्ष बिहारी सेवगी ने हादसे पर दुख जताते हुए दोषी को शीघ्र पकड़ने की मांग की है। उन्होंने पुलिस कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि रात को सूचना दिए जाने के बावजूद पुलिस मौके पर समय पर नहीं पहुंची। इससे आरोपी को भागने का मौका मिल गया। अगर आरोपी को जल्द नहीं पकड़ा गया तो इसका उग्र विरोध होगा।

Related posts