
गरुड़। डंगोली-सैलानी मोटर मार्ग पर मलबा आने से घाटी में भारी वाहनों का आवागमन बंद हो गया है। सड़क शीघ्र दुरुस्त नहीं हुई तो घाटी के दर्जनों गांवों में खाद्यान्न संकट गहराने की संभावना है।
घाटी में दो रोज से लगातार बारिश होने से घाटी को जोड़ने वाले डंगोली-सैलानी मोटर मोटर मार्ग पर जगह-जगह पर मलबे के ढेर लग गए हैं। चार कल्वर्ट बारिश से ढह गए हैं। सड़क में मलबा आने और सड़क धसने से घाटी में भारी वाहनों का आवागमन बंद है। घाटी में इसबीच आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई नहीं हो पा रही है। जखेड़ा के सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर सिंह परिहार ने बताया कि लाहुर नदी के उफान भरनेमें आने से जखेड़ा के ग्रामीणों की नदी से लगी कई नाली जमीन नदी में समा गई है। पंचायत घर भवन को नदी से खतरा बना है। नैकाना खुमटिया की प्रधान प्रेमा परिहार लाहुर घाटी विकास मंच के अध्यक्ष महेंद्र सिंह रावल ने बताया कि सैलानी मोटर मार्ग, लमचूला और गनीगांव, सुराग सड़क की हालत बारिश से खस्ता हो गई है। उन्होंने डीएम से लाहुरघाटी का निरीक्षण कर क्षति का आकलन करने और मोटर मार्ग को शीघ्र दुरुस्त करने की मांग की है। भाजपा के जिला महामंत्री शिव सिंह बिष्ट ने जिला प्रशासन से आपादा की दृष्टि से संवेदनशील गांवों में तीन माह का राशन कार्डधारकों को अग्रिम वितरित करने की मांग की।
