
बागेश्वर। कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने विकास के लिए सरकार पर दबाव बना रहे विधायकों की सराहना की है। साथ ही पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप पर इन विधायकों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व को भी आगाह किया है।
यहां वार्ता में कांग्रेस जन जाति प्रकोष्ठ के प्रांतीय महामंत्री गंगा सिंह पांगती, जिला महामंत्री राजेंद्र सिंह राठौर और वरिष्ठ नेता पुरूषोत्तम जोशी ने कहा कि चुनाव के वक्त विधायक जनता के बीच आश्वासन देकर आते हैं। लोगों की सरकार और विधायक से काफी अपेक्षाएं होती हैं। जनता के काम नहीं होने पर विधायक और सत्तारूढ़ दल की छवि खराब होती है। ऐसी ही हालत के चलते विधायक विकास की मांग कर रहे हैं। कांग्रेस के आम कार्यकर्ता उनके साथ हैं। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर काम नहीं होने से आम कार्यकर्ता स्वयं को ठगा महसूस कर रहा है। इस मामले में लोगों की अपेक्षाओं के अनुसार विकास कार्योें का माहौल तैयार करने के बजाए पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप विधायकों के खिलाफ अनर्गल टिप्पणी कर रहे हैं। जो निदंनीय है। कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा है कि प्रदेश अध्यक्ष को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और जिला और प्रदेश कमेटी में मनमाने ढंग से मनोनयन करने के बजाए आम कार्यकर्ता की राय लेनी चाहिए। इधर जिला उपाध्यक्ष हरीश जोशी, श्याम सिंह कर्म्याल, रणजीत राम, धीरेंद्र धामी, धरम सिंह, विपिन जोशी तथा अशोक राठौर ने भी विधायकों के रुख का समर्थन किया है।
