
हल्द्वानी। गौला पुल निर्माण में देरी से गुस्साएं भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग कार्यालय में तालाबंदी कर अधिकारियों का घिराव किया। युवा मोर्चा नेताओं ने कहा कि गौला पुल निर्माण को लेकर जनता को गुमराह किया जा रहा है। बरसात शुरू हो चुकी है और पुल का काम अधूरा पड़ा है। भाजपाइयों ने सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर कहा कि जुलाई पहले सप्ताह से पुल सुचारु नहीं हुआ तो सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।
युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास भगत ने कहा कि गौला पुल टूटने से गौलापार और चोरगलिया के लोगों को आवाजाही करने में परेशानी से जूझना पड़ रहा है। पुल निर्माण को लेकर स्थानीय विधायक एवं वित्त मंत्री डा. इंदिरा हृदयेश और श्रम मंत्री हरीश चंद दुर्गापाल जनता को गुमराह कर रहे हैं। पुल सुचारु कराने के लिए हर महीने तारीख पर तारीख बढ़ा रहे हैं। इस बार भी 30 जून आखिरी डेट लाइन है। पुल का काम लटका है, जिससे निर्धारित समय तक पुल सुचारु होना मुश्किल है। विकास भगत ने कहा कि बरसात शुरू हो गई है। गौला में पानी बढ़ने से लोगों को काठगोदाम से घूमकर आवाजाही करने को मजबूर होना पड़ेगा।
महामंत्री सुरेश गौड़ ने कहा कि प्रशासन एवं प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही है। एक जुलाई से पुल सुचारु नहीं हुआ तो भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक आंदोलन करेगी। समाजसेवी राजेंद्र सिंह चुफाल ने लोनिवि की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता से कोई सरोकार नहीं है। बरसात में अस्थायी मार्ग बहने से लोगों को परेशानी से जूझना पड़ेगा। लेानिवि कार्यालय की तालाबंदी एवं घेराबंदी करने वालों में प्रकाश गजरोला, महेश जोशी, विपिन जोशी, मदन जोशी, जगदीश लोसाली, राजू पोड़ियाल, नीरज बिष्ट, गौरव जोशी, हेमंत साहू, योगेद्र साहू, बलवंत सिंह, दीपक, सलीम अंसारी, गौरव वानखड़े और भूपेंद्र सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
