
टनकपुर/बनबसा। उक्रांद के केंद्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने के बाद पहली बार पहुंचे पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी का कार्यकर्ताओं ने बनबसा, टनकपुर और पिथौरागढ़ में स्वागत किया।
टनकपुर में वरिष्ठ कार्यकर्ता नैन सिंह देउपा की अध्यक्षता और राज्य आंदोलनकारी परिषद अध्यक्ष रमेश जोशी के संचालन में हुई बैठक में उक्रांद नेता ऐरी ने कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के साथ ही संगठन की मजबूती के लिए एकजुटता से कार्य करने पर बल दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। अलग राज्य बनने के बाद पार्टी को सफलता नहीं मिली, मगर अब पार्टी को मजबूत बनाने की दिशा में असरदार पहल होगी। टनकपुर के गोविंद लाल वर्मा को पार्टी का केंद्रीय सचिव बनाने पर भी खुशी जताई गई। चिह्नीकरण से वंचित राज्य आंदोलनकारियों ने ऐरी को ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर पूर्णानंद कापड़ी, नवीन जोशी, मोहन सिंह भंडारी, उमेद सिंह नेगी, भूपाल चंद, जगदीश टम्टा, तारा दत्त थ्वाल, देवेंद्र देऊपा, विनोद राजपूत, गुणवंत जोशी, गंगा दत्त भट्ट आदि मौजूद थे।
पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी के केंद्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पिथौरागढ़ पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। गुरना से कार्यकर्ता वाहन रैली के जरिए केंद्रीय अध्यक्ष को पिथौरागढ़ लाए।
ऐरी ने पार्टी संगठन को सशक्त करने के लिए जरूरी कदम उठाने की बात कही। कहा कि कांग्रेस, भाजपा सहित तमाम राष्ट्रीय दल क्षेत्र की जन अपेक्षाओं को पूरा करने में नाकाम रहे हैं। ऐसे में उक्रांद लोगों की अपेक्षाओं की धुरी बन सकती है। पार्टी ने जन मुद्दों को लेकर संघर्ष का बिगुल बजाने का ऐलान किया है।
रैली में जिला प्रभारी चंद्रशेखर पुनेड़ा, चंद्रशेखर कापड़ी, पुष्कर धामी, सुशील पांडेय, जगत मेहता, मदन पोखरिया, प्रेम सिंह बोरा, चंद्रप्रकाश पुनेड़ा, ललित महर, दीवान सिंह मेहता, ज्योति सिंह धरियाल, मनमोहन धामी, राधिका शर्मा, पार्वती, कृष्णा मल, प्रेम सिंह राठौर, हर्षित पुनेड़ा, गणेश उप्रेती, बंसीलाल, प्रेम राठौर, जमन सिंह आदि शामिल थे।
