न्यूसारी और धौंतरी का पटवारी निलंबित

उत्तरकाशी। डुंडा प्रखंड के हुल्डियाण में दबंगों द्वारा घर में घुसकर एक परिवार के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई न करने पर डीएम ने दो पटवारियों को निलंबित कर दिया। इस मामले की जांच दूसरे पटवारी को सौंपी जा रही है।
हुल्डियाण निवासी महादेव सिंह ने गांव के कुछ लोगों पर 6 मई को घर में घुसकर परिवार के साथ मारपीट कर बेघर करने का आरोप लगाया था। पटवारी द्वारा मामला दर्ज न करने पर उन्होंने न्यायालय में गुहार लगाई। तब जाकर 16 मई को आरोपियों के खिलाफ मुकदमा तो दर्ज हुआ, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हुई।
31 मई को अमर उजाला ने ‘दबंगों के डर से घर छोड़ भटक रहा परिवार’ शीर्षक से इस मामले को उजागर किया। इसके बाद डीएम ने एसडीएम डुंडा को जांच आदेश दिए थे। एसडीएम ने न्यूसारी के पटवारी इस मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई। इसे गंभीरता से लेते हुए डीएम ने न्यूसारी के पटवारी भगवान सिंह गुनसोला तथा धौंतरी के पटवारी उदय सिंह भंडारी को निलंबित कर दिया है। अब मामले की जांच बड़ेथ के पटवारी को सौंपी जा रही है।

कोट-
हुल्डियाण गांव वाले मामले में कार्रवाई न करने पर न्यूसारी के पटवारी को निलंबित किया गया। जबकि इसी मामले में कानूनगो के साथ अभद्र व्यवहार करने पर धौंतरी के पटवारी उदय सिंह भंडारी को भी निलंबित किया गया।
डा.आर.राजेश कुमार, डीएम उत्तरकाशी।

Related posts