
चंबा। क्षेत्रीय अस्पताल में आपरेशन करते वक्त अचानक बिजली गुल हो गई। इससे कुछ देर के लिए आपरेशन रुक गया। इस दौरान अस्पताल में मुहैया इनवर्टर को चालू करके आपरेशन को पूरा किया गया। शहर में बिना पूर्व सूचना के बिजली कट लगाया गया, जिससे शहरवासियों और जिला अस्पताल में दाखिल मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
उधर, शुक्रवार को अस्पताल में पत्थरी के तीन आपरेशन किए गए। तीनों आपरेशन सफल रहे हैं। दोपहर बाद करीब दो बजे अस्पताल में अचानक बिजली गुल हो गई। इससे अस्पताल के वार्डो में उपचाराधीन मरीजों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गर्मी के चलते मरीजों का हाल बेहाल हो गया। डा. विक्रम लखनपाल ने बताया कि पत्थरी के तीनों आपरेशन सफल रहे हैं। उन्होंने बताया कि बिजली आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए आपरेशन थियेटर में इनवर्टर और जरनेटर की व्यवस्था की गई है। ज्ञात रहे कि पहले बिजली गुल होने के चलते एक आपरेशन काफी देर तक रुक गया था। इसके बाद से अस्पताल प्रशासन ने जनरेटर व इनवर्टर की पुख्ता व्यवस्था कर रखी है।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता एमएल शर्मा ने बताया कि पोस्ट आफिस के पास विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी के कारण शुक्रवार को अचानक करीब पौना घंटा बिजली बंद रखनी पड़ी थी। खराबी दुरुस्त करते ही सप्लाई बहाल कर दी गई थी।
