
धर्मशाला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की धर्मशाला इकाई ने प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा कालेजों में राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रूसा) के सेमेस्टर सिस्टम को शुरू किए जाने के विरोध में शुक्रवार को स्थानीय महाविद्यालय में धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
एबीवीपी के इकाई अध्यक्ष मनीष अवस्थी और पूर्व सचिव आतिश गुलेरिया ने कहा कि रूसा के तहत सेमेस्टर सिस्टम से छात्रों को नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि रूसा के तहत कालेजों में विषयों में सीटों के कम होने के कारण आम विद्यार्थियों को दाखिला लेने में मुश्किल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि रूसा के तहत न ही अध्यापकों को और न ही छात्रों को इसके सिलेबस के बारे में पूर्ण जानकारी है। उन्होंने कहा कि रूसा के तहत एक सेमेस्टर में इतनी सारी पढ़ाई एक साथ कैसे होगी और इसका रिजल्ट कब तक आएगा? इसके बारे में भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने काई सूचना नहीं दी है। वहीं विद्यार्थी परिषद ने विश्वविद्यालय को चेतावनी देते हुए कहा कि इन मुद्दों पर जल्द ही कोई कदम न उठाया तो परिषद पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी विवि प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी।
इस मौके पर विद्यार्थी परिषद के रजनीश ठाकुर, आदित्य पंडित, ममता धीमान, अल्पा, शिवानी, अमन सिंह, मुकेश कुमार, नरेश कुमार, अजय और पंकज कुमार उपस्थित रहे।
