
बैजनाथ (कांगड़ा)। सरकार की मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ राष्ट्रीय कमेटी के आह्वान पर सीटू के वर्कर्स ने शुक्रवार को बैजनाथ के एसडीएम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। इसके उपरांत कार्यकर्ताओं ने मांगों को लेकर एसडीएम ओपी ठाकुर को ज्ञापन दिया।
सीटू के जिलाध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा, सह सचिव बिट्टू ठाकुर और उपाध्यक्ष कृष्णा पटियाल ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में नाकाम साबित हो रही है। खाद्य पदार्थों व दालों पर सट्टा बाजार की नीति के जारी रहने के कारण महंगाई बढ़ रही है। इसका सीधा लाभ कंपनियों को मिल रहा है। सरकार की गलत नीतियों के कारण ठेका और अंशकालीन प्रथा को बढ़ावा मिल रहा है। इसमें श्रमिकों व शिक्षित लोगों का शोषण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1974 से सेवाएं दे रही आंगनबाड़ी वर्कर्स के कारण ही प्रदेश पोलियो मुक्त हो सका है। लेकिन सरकार ने अब इन आंगनबाड़ी केंद्राें को भी ठेके पर देने की योजना बना दी है।
उन्होंने कहा कि सीटू केंद्रों को ठेके पर देने के सरकारी आदेशों का विरोध करती है। सरकार से इन केंद्रों के लिए फर्नीचर, बर्तन व अन्य सामान खरीदने की मांग करती है। उन्हाेंने कहा कि आठ वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी आंगनबाड़ी वर्कर्स से अनुबंध के दस्तावेज भरवाए जा रहे हैं। उन्हाेंने सरकार से दस हजार रुपए मासिक वेतन देने, ठेका मजदूरों को नियमित मजदूरों के समान वेतन देने, पेंशन की सुविधा देने, निर्धारित अवधि पूरा कर चुके वर्क र्स को पक्का करने की मांग की है।
