बरसात में कैसे पार करेंगे नैण खड्ड

बिनवानगर (बैजनाथ)। स्थान : नैण पंचायत (उतराला)। समय : दोपहर बाद 2 बजे। आसमान में छाए काले बादल बरसने को बेताब हैं और उतराला पंचायत की नैण खड्ड में धीरे-धीरे पानी का बहाव बढ़ता जा रहा है। बलदेव नामक व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ खड्ड के बहाव के बीच से उस पार बने अपने ढारे में जा रहा है। साथ ही एक बच्ची डेढ़ साल की छोटी बहन को उठाए पानी के बीच से गुजर रही है। बलदेव को बरसात में अपने ढारानुमा आशियाने की चिंता भी सता रही है। क्योंकि भारी बारिश की सूरत में खड्ड में कभी भी बाढ़ आ सकती है।
बलदेव सहित उतराला व आसपास के गांवों के सैकड़ों लोगों व बिनवानगर पावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले कर्मचारियों की यही व्यथा है। वे रोजाना जान जोखिम में डालकर नैण खड्ड से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं। ठेकेदार ने करीब 7 माह पहले मात्र पिल्लर डालकर पुल का काम बीच में ही छोड़ दिया। तब से लेकर पुल का काम बंद पड़ा है। बरसात में यदि नैण खड्ड में बाढ़ आई तो बड़ा हादसा हो सकता है। स्कूली बच्चे भी रोजाना स्कूल जाने के लिए खड्ड पार करने को मजबूर हैं। लेकिन प्रशासन इससे बेपरवाह है। आखिर लोग अपनी व्यथा किसे सुनाएं।

बीते साल शुरू हुआ था काम
उतराला के डूहकी, नैण, डुग, भखेड़ व बिनवानगर कालोनी के करीब 1800 लोग काला पानी जैसा जीवन जीने को मजबूर हैं। उतराला निवासी लाला पूर्ण चंद, पवन, रवि, संजय, राजिंद्र, अजय, हरबंस, बिनवानगर के दुकानदार अतुल, शिवराव, पंकज व सावित्री देवी आदि ने बताया कि खड्ड में पानी बढ़ने पर उतराला से बिनावनगर के बीच सड़क संपर्क बंद हो जाता है। बिनवा प्रोजेक्ट में सहायक अभियंता (मेंटेनेंस) धीरज धीमान, सहायक अभियंता (सिविल) अवस्थी, जेई जोगिंद्र सिंह, इलैक्ट्रीशियन सुनील, सुशील, कर्म चंद, सिक्योरिटी आफिसर बख्शी राम कहते हैं कि खड्ड से पैदल आवागमन करने में हर समय जोखिम बना रहता है। उतराला पंचायत के उपप्रधान महिंद्र सिंह ने कहा कि पंचायत ने ग्रामसभा में प्रस्ताव पास कर लोकनिर्माण विभाग से अधूरे पुल का काम जल्द पूरा करने की मांग की है।

पुल का काम अधूरा छोड़ने वाले ठेकेदार को नोटिस देकर पेनल्टी लगाई गई है। पुल का नए सिरे से टेंडर जारी किया जाएगा। लोगों के लिए विभाग वैकल्पिक व्यवस्था करेगा। बरसात के बाद अमरपुर से लेकर बिनवानगर तक सड़क की हालत भी सुधारी जाएगी।
-जेएस गुलेरिया, एक्सईएन, लोक निर्माण विभाग बैजनाथ।

Related posts