गाड़ी से 97 किलो नागछतरी पकड़ी

रोहडू। चिड़गांव पुलिस ने अवैध रूप से नागछतरी की तस्करी करते हुए दो नेपाली मूल के व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार सुबह नाका लगाकर लड़ोट के पास दोनों को पिकअप में नागछतरी ले जाते हुए पकड़ा। पुलिस ने गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह लड़ोट में एसएचओ चिड़गांव चंद्रशेखर ने नाका लगाया हुआ था। इसी बीच चांशल घाटी की ओर से पिकअप नंबर एचपी 10 ए 4811 गाड़ी वहां आई। चैकिंग के दौरान पुलिस ने गाड़ी की तलाशी लेना शुरू की तो गाड़ी से 97 किलो नागछतरी बरामद की। बाजार में इसकी कीमत लाखोे रुपये बताई जा रही है। गाड़ी चालक मनोज कुमार सहित गाड़ी में सवार अजय नेपाल मूल के रहने वाले हैं। दोनों व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर गाड़ी को अपने कब्जे में ले लिया है। इतनी भारी मात्रा में नागछतरी कहां से लाई जा रही थी तथा कहां ले जाई जा रही थी, इसकी तफ्तीश की जा रही है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 379 तथा फारेस्ट एक्ट 41, 42 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चिड़गांव पुलिस थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि नाके के दौरान लड़ोट में नागछतरी ले जाते हुई पिकअप गाड़ी शुक्रवार सुबह पकड़ी गई है। गाड़ी चांशल घाटी की ओर से आ रही थी। गाड़ी में सवार दो नेपाली मूल के व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।

Related posts