
रोहडू। उपमंडल के तहत खदराला में संदिग्ध अवस्था में एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को मौके पर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रोहडू पहुंचा दिया है। पुलिस प्रारंभिक जांच में व्यक्ति की मौत का कारण अधिक शराब का सेवन मान रही है। हालांकि, मौत के कारणों का सही पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार खदराला निवासी टेक चंद (31) दो दिन से शराब का अधिक सेवन कर रहा था। वीरवार रात भी टेक चंद शराब पीकर खदराला में एक होटल के कमरे में सो गया। साथ वाले कमरे में कुछ व्यक्ति सोए हुए थे। सुबह दब उन्होंने देखा कि टेक चंद मृत अवस्था में पड़ा हुआ है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शुक्रवार सुबह मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया तथा मामले की तफ्तीश शुरू कर दी।पुलिस को प्रारंभिक जांच में मालूम हुआ कि टेक चंद दो दिन से काफी शराब पी रहा था। वीरवार रात को भी शराब के नशे में धुत होकर टेक चंद होटल के कमरे में सो गया था। पुलिस अधिक शराब के सेवन को मौत का कारण मान रही है। पुलिस को अब शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। एसएचओ रोहडू विक्रम चौहान ने बताया कि खदराला का एक व्यक्ति होटल के कमरे में मृत अवस्था में मिला है। व्यक्ति दो दिन से शराब का सेवन कर रहा था। शराब के नशे में ही वह होटल में सोया था। इसलिए अधिक शराब का सेवन भी मौत कारण हो सकता है। हालांकि, शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहडू अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण पता लगा पाएगा।
