केदारनाथ विकास प्राधिकरण गठन का होगा विरोध

ऊखीमठ/रुद्रप्रयाग। केदारघाटी में केदारनाथ विकास प्राधिकरण गठन का कांग्रेस कार्यकर्ता पुरजोर विरोध करेंगे। ऊखीमठ कांग्रेस कमेटी की बैठक में उक्त निर्णय लिया गया। ब्लाक स्तर पर विकास कार्यों की समीक्षा, निगरानी के लिए अनुश्रवण एवं निगरानी समिति का भी गठन किया गया।
ब्लाक कांग्रेस कमेटी की बैठक ब्लाक अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण की अध्यक्षता में हुई। वक्ताओं ने पार्टी से निष्कासित पदाधिकारियो की ओर से पदों का अभी भी दुरुपयोग करने पर आपत्ति जताई। केदारनाथ यात्रा व्यवस्था पर चर्चा के दौरान सभी ने एक स्वर में जनहित को देखते हुए केदारनाथ प्राधिकरण गठन का विरोध किया। हवाई सेवाओं के संचालन पर रोक लगाने और इसके स्थान पर केदारनाथ तक सड़क मार्ग पहुंचाने की मांग की।
बैठक में गठित अनुश्रवण व निगरानी समिति में ब्लाक अध्यक्ष कुब्जा धर्म्वाण, नगर पंचायत अध्यक्ष ऊखीमठ रीता पुष्पवाण, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मायाराम गोस्वामी, राकेश नेगी, वीरेंद्र असवाल, घनानंद नौटियाल, मनवर सिंह चौहान, धर्म सिंह नेगी को शामिल किया गया। बैठक में जिलाध्यक्ष विनोद भट्ट आदि उपस्थित थे।

Related posts