बेस अस्पताल में 24 घंटे मिलेगी वेंटिलेटर की सुविधा

श्रीनगर। बेस अस्पताल में वेंटिलेटर की सुविधा को लेकर कालेज प्रशासन सतर्क हो गया है। अब अस्पताल में 24 घंटे वेंटिलेटर की सुविधा मिलेगी। गत माह 18 मई को बेस अस्पताल में वेंटिलेटर न होने से गर्भवती दीपिका की मौत हो गई थी। इस संबंध में अमर उजाला ने खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी, जिसका संज्ञान लेते हुए कालेज प्रशासन सतर्क हुआ और अस्पताल में डाक्टरों को वेंटिलेटरों का प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में क्विक रिएक्शन टीम का गठन भी किया।
बेस अस्पताल में वर्षों से धूल फांक रहे वेंटिलेटर अब सुचारु रूप से कार्य करने लगेंगे। गत माह 18 मई को ‘अमर उजाला’ में गर्भवती दीपिका की वेंटिलेटर न मिल पाने से हुई मौत का समाचार प्रकाशित किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए कालेज प्राचार्य डा. वीएल जहागिरदार ने 23 मई को एनेस्थीसिया विभाग की विभागाध्यक्ष डा. आईएस योग को वेंटिलेटर शीघ्र चलाने के निर्देश दिए थे। इस पर कार्रवाई कर विभागाध्यक्ष ने क्विक रिएक्शन टीम का गठन किया और टीम के सदस्यों को एक सप्ताह तक वेंटिलेटर चलाने का प्रशिक्षण दिया गया। बुधवार देर शाम बेस अस्पताल पहुंचे हिपेटिक कोमा के 35 वर्षीय रोगी को टीम के सदस्य डा. अजय विक्रम सिंह और अन्य सहयोगियों ने वेंटिलेटर लगाकर उसका इलाज किया। अस्पताल में कुल पांच वेंटिलेटर हैं, आकस्मिक विभाग में एक वेंटिलेटर चालू है, जबकि दूसरे वेंटिलेटर को चालू करने को कुछ चीजों की जरूरत है।

Related posts