एडवांस बुकिंग वालों को छोड़ गया कंडक्टर

चारधाम यात्रा के लिए यूपी, दिल्ली और अन्य प्रदेशों से आए श्रद्धालुओं को बदरीनाथ बाबा के दर्शनों को जाते वक्त परेशानी उठानी पड़ी। एडवांस बुकिंग के बावजूद कंडक्टर यात्रियों को छोड़ गया। यात्रियों ने कंडक्टर पर अपनी जेब भरने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। निगम ने कंडक्टर पर कार्रवाई के बजाय यात्रियों का किराया लौटाकर अपना पल्ला झाड़ा।

बाबा बदरीनाथ के दर्शनों को जाने के लिए कई जगह से यात्री मंगलवार को ऋषिकेश पहुंचे। बुधवार सुबह यात्रा पर जाने के लिए 34 यात्रियों ने रोडवेज की बस (यूके 07 पीए1375) में एडवांस टिकट बुक करा लिया। लेकिन कंडक्टर एडवांस टिकट बुकिंग वाले 25 यात्रियों के साथ बगैर टिकट बुक किए यात्रियों को बैठाकर चलता बना। गाड़ी चले जाने से गुस्साए टिकट बुक कराए अन्य यात्रियों ने बस स्टैंड पर हंगामा काटना शुरू कर दिया। निगम ने कंडक्टर पर कार्रवाई करने के बजाय यात्रियों को किराया लौटा दिया।

एआरएम ऋषिकेश प्रतीक जैन ने कहा कि यात्रियों के पैसे लौटा दिए हैं। उन्होंने कहा कि एडवांस बुकिंग वाले यात्रियों के समय पर नहीं पहुंचने पर कंडक्टर अन्य यात्रियों को बैठाकर चले गया था।

डीजल भराते ही बंद हुई बस, खींचकर ले जानी पड़ी
निजी तेल पंपों से रोडवेज बसों में तेल भराने में गड़बड़ियां सामने आने लगी हैं। बृहस्पतिवार शाम रोडवेज की ग्रामीण डिपो की बस (यूके 07 पीए 1527) रिस्पना पुल के पास स्थित निगम के अनुबंधित पंप से डीजल भराकर वर्कशाप आ रही थी। आराघर चौक के पास बस बंद हो गई। ब्रेकडाउन बस से उसे खींचकर वर्कशाप लाया गया। एआरएम ग्रामीण जीपी शर्मा का कहना है कि तेल का सैंपल भराकर जांच कराई थी, सही निकला।

Related posts