
लंबगांव (टिहरी)। चारधाम यात्रा पर आ रहे यात्रियों को लोनिवि की छोटी गलती से भटकना पड़ रहा है। उत्तरकाशी-लंबगांव मार्ग पर दिशा सूचक बोर्ड नहीं लगाए गए हैं। जिससे कई यात्री गलत रूट पर चले जाते हैं। उत्तरकाशी से हर दिन सैकड़ों यात्री लंबगांव होते हुए पीपलडाली और चमियाला से होकर केदारनाथ और बदरीनाथ जाते हैं। मुख्य मार्ग से कई लिंक मार्ग भी जुड़े हैं, जहां दिशा सूचक बोर्ड न होने से वह भटकने को मजबूर हैं। 2004 से मुख्य यात्रा मार्ग बनने के बाद भी लोनिवि दिशा सूचक बोर्ड नहीं लगा पाया है। टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष उदय रावत, प्रधान दिनेश पैन्यूली और मान सिंह रावत ने कहा कि सड़क किनारे साइन बोर्ड न होने से कई यात्री भटकते देखे गए हैं। उन्होंने कहा कि लोनिवि से कई बार साइन बोर्ड लगाने की मांग की गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इस बाबत लोनिवि के अधिशसी अभियंता जगमोहन चौहान ने बताया कि जहां साइन बोर्ड नही है, उन्हें चिह्नित कर बोर्ड लगाए जाएंगे।
