
आदिबदरी। तीन दिवसीय ग्राम मैत्री शिविर (मोबाइल तहसील) में विभिन्न प्रकार के 175 प्रमाण पत्र बनाए गए, जबकि अंतिम दिन 39 ग्रामीण बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की गई। शिविर में अधिकांश लोगों की समस्याओं का निस्तारण हुआ।
बृहस्पतिवार को शिविर के समापन पर गैरसैंण के एसडीएम केएस नेगी ने बताया कि मोबाइल तहसील में मूल निवास के 64, जाति प्रमाण पत्र 12, सामान्य जाति प्रमाण पत्र 48, आय प्रमाण पत्र 17, विधवा पेंशन के 8 और 26 क्रेडिट कार्ड बनाए गए। शिविर में चांदपुर क्षेत्र के दूरस्थ केडा, बेडी और ढमकर आदि गांवों के ग्रामीण भी पहुंचे। केडा गांव निवासी हुकुम सिंह ने बताया कि जिन समस्याओं को लेकर यहां पहुंचे थे, वह कुछ ही घंटों में निस्तारित हो गई। खेती के नंदा सिंह और भलसो के बलवंत सिंह ने बताया ऐसे शिविरों का आयोजन समय-समय पर करना चाहिए, जिससे दूर-दराज के ग्रामीणों को लाभ मिल सके। इस मौके पर गैरसैंण तहसील के नायब तहसीलदार एमसी घिल्डियाल, राजस्व निरीक्षक राजेश गोरखा, दलवीर चौहान और सीआरसी महावीर सिंह बिष्ट मौजूद थे।
