
चंपावत। चतुर्थ वर्गीय राज्य कर्मचारी महासंघ की जिला इकाई ने लोहाघाट और टनकपुर कोषागार के लेखाकारों पर अल्प वेतनभोगी कर्मियों के उत्पीड़न का आरोप लगाया है। इस संबंध में महासंघ की जिला इकाई के एक शिष्टमंडल ने डीएम दीपेंद्र कुमार चौधरी से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। महासंघ जिलाध्यक्ष ईश्वरी दत्त गहतोड़ी, महामंत्री प्रेम राम टम्टा के नेतृत्व में महासंघ के विभिन्न घटक संगठनों के पदाधिकारियों ने नए डीएम के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याएं रखीं।
महासंघ की ओर से दिए गए ज्ञापन में टनकपुर कोषागार के लेखाकर आमोद गंगवार और लोहाघाट के प्रवीण सिंह चौहान पर अल्प वेतनभोगी कर्मचारियों के अवशेष वेतन, जीपीएफ आदि में अनावश्यक आपत्ति दर्ज किए जाने का आरोप लगाया गया है। कहा गया कि देयकों के आहरण के लिए शुल्क की मांग की जाती है। पूर्व में इसकी सूचना डीएम को दिए जाने के बाद भी आज तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। ज्ञापन में कहा है कि सभी विभागों में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को शासनादेश के अनुसार देय वर्दी, धुलाई भत्ता और अन्य सुविधाओं का लाभ कर्मचारियों को न देकर उसका दुरुपयोग किया जा रहा है। महासंघ की ओर से कहा गया है कि शीघ्र उनकी समस्या का समाधान न होने की सूरत में वह लोकायुक्त के यहां वाद दायर करेगा।
