
टनकपुर। जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने तहसील का निरीक्षण कर अभिलेखों का अवलोकन किया और लोगों की समस्याएं सुनी। डीएम ने पूर्णागिरि मार्ग में यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन रहे बाटनागाड़ के हाल भी देखे। उन्होंने एसडीएम, तहसीलदार को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निस्तारण के निदेश दिए।
जिलाधिकारी बुधवार शाम टनकपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले पूर्णागिरि जाकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी और पूर्णागिरि व्यापार मंडल अध्यक्ष भुवन चंद्र पांडेय ने उन्हें धाम की समस्याएं बताईं। डीएम ने कहा कि बाटनागाड़ में मलबे की समस्या पर वन विभाग से वार्ता कर कोई हल निकालने के प्रयास होंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि लंबित विकास कार्यों की बाधा दूर कर विकास को गति दी जाएगी। उन्होेंने लोगों की समस्याओं को सुन जिलाधिकारी ने उन्हें प्राथमिकता से समाधान का भरोसा दिया। भाजपा जिला महामंत्री दीप चंद्र पाठक ने लेखपाल पर पद का दुरुपयोग करने, ज्ञानखेड़ा निवासी विधवा महिला विमला पंत ने कुछ दबंगों द्वारा पुलिस और स्थानीय प्रशासन की शह पर जबरन भूमि पर कब्जा करने की शिकायत करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई।
