
नई दिल्ली। डीयू में खेल कोटे के तहत दाखिला लेने के लिए इस बार एक ही फिटनेस टेस्ट सभी कॉलेजों में मान्य होगा। एक ही फिटनेस टेस्ट होने से छात्रों की परेशानी भले ही कम हो गई हो लेकिन इस दफे खेल के ट्रायल छात्रों की खूब दौड़-भाग कराएंगे। इस बार कई कॉलेजों में ट्रायल व फिटनेस टेस्ट की तिथियां मेल खा रही हैं। ऐसे में छात्रों को ट्रायल के लिए एक जगह से दूसरी जगह के लिए भागना होगा।
खेल कोटे के दाखिलों को लेकर विभिन्न कॉलेजों में आवेदन जारी है। वहीं कॉलेजों ने ट्रायल और टेस्ट की तिथियों की घोषणा कर दी है। नॉर्थ कैंपस में दो टॉप कॉलेजों एसआरसीसी व हंसराज की फिटनेस टेस्ट की तिथि के साथ-साथ कुछ खेलों के ट्रायल की तिथि भी मेल खा रही है। दोनों ही कॉलेजों में 25 जून को होने वाले बैडमिंटन के ट्रायल में महज डेढ़ घंटे का अंतर है। यदि किसी छात्र को दोनों जगह ट्रायल में हिस्सा लेना है तो उसे एक एक ट्रॉयल खत्म कर दूसरे तक पहुंचने में दिक्कत पेश आ सकती है।
इसी तरह से एसआरसीसी में 27 जून को सुबह 7 बजे बॉस्केटबॉल का ट्रायल है तो वहीं हंसराज में भी इसी दिन सुबह 8 बजे बॉस्केटबॉल के ट्रायल होने हैं। लेकिन इस दिन अच्छी बात यह है कि एसआरसीसी में जहां लड़कियों के लिए ट्रायल हैं तो वहीं हंसराज में लड़कों के लिए होने हैं। इसी तरह से एसआरसीसी में 25 जून को ही टेबल टेनिस के ट्रायल होने हैं।
वहीं नार्थ कैंपस स्थित खालसा कॉलेज में भी इसी खेल का ट्रायल इसी दिन है। वहीं इंद्रप्रस्थ कॉलेज फॉर वूमेन में भी बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल, शतरंज, जूडो, टेनिस, टेबल टेनिस के लिए ट्रायल 24 व 25 जून को होने हैं। अब छात्रों के लिए दिक्कत यह है कि किस ट्रायल में भाग लें और किसे छोड़ें या फिर भागमभाग कर दूसरी जगह पहुंचे।
छात्रों के लिए यह परेशानी केवल ट्रायल की तिथियों तक ही नहीं है। फिटनेस टेस्ट की तिथियां भी एक जैसी ही हैं। हंसराज कॉलेज में 22 जून को शूटिंग, बैंडमिंटन, शतरंज, लॉन टेनिस, स्क्वैश, फुटबॉल के लिए फिटनेस टेस्ट सुबह आठ बजे होने जा रहा है। इसी दिन सुबह सात बजे एसआरसीसी के स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में बॉस्केटबॉल, स्वीमिंग और टेबल टेनिस बैडमिनटन, शतरंज, फुटबॉल, हॉकी आदि के लिए फिटनेस टेस्ट हो रहा है। वहीं आईपी कॉलेज में भी फिटनेस ट्रायल 22 जून को ही है। ऐसे में यहां भी छात्रों को परेशानी का ही सामना करना पड़ेगा।
—
एक फिटनेस सर्टिफिकेट सभी कॉलेज में मान्य
डीयू में सत्र 2013-14 में खेल कोटे के जरिए दाखिला पाने की तैयारी कर रहे छात्रों को खेल कोटे के लिए अनिवार्य फिटनेस टेस्ट के लिए एक ही फिटनेस सर्टिफिकेट जारी होगा। यदि छात्र किसी एक कॉलेज का टेस्ट पास कर लेता है तो उसे एक फिटनेस प्रमाण पत्र जारी कर दिया जाएगा जिसके आधार पर वह अन्य कॉलेजों के ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए मान्य हो जाएगा। डीयू प्रशासन ने इस बार एक ही फिटनेस सर्टिफिकेट का फॉरमैट वेबसाइट पर जारी किया है। जिसे छात्र खुद ही डाउनलोड कर सकते हैं और भर सकते हैं। यदि किसी भी कॉलेज के फिटनेस टेस्ट को छात्र पार कर लेता है तो वह कॉलेज उस सर्टिफिकेट पर अपनी मुहर लगा देगा। डीयू ने स्पोर्ट्स के दाखिलों के लिए जो दिशा-निर्देश जारी किए हैं उसके मुताबिक सर्टिफिकेट के लिए 50 अंक व शेष 50 अंक ट्रायल के लिए हैं।
—
कुछ कॉलेजों के ट्रायल की तिथियां
कॉलेज तिथि
आईपी 22 जून
गार्गी कॉलेज 20 जून
कमला नेहरु कॉलेज 20 जून
मैत्रेयी कॉलेज 21 जून
मिरांडा कॉलेज 20 जून से 22 जून
रामजस कॉलेज 24 जून से 1 जुलाई
