
नई दिल्ली। शाहदरा इलाके में बृहस्पतिवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने बुटीक मालिक पर गोलियां बरसा दी। चार राउंड चली गोलियों में दो गोली पंकज (34) की टांग और कमर में लगी। गंभीर हालत में उसे शाहदरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है। शाहदरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच के बाद पुलिस आपसी रंजिश का मामला बता रही है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित पंकज परिवार के साथ गली नंबर-2, प्रतापपुरा शाहदरा में रहता है। इसके परिवार में मां उमा शर्मा, पत्नी नेहा और तीन बच्चे हैं। पंकज का रोहताश नगर इलाके में केनरा बैंक के पास अपना बुटीक है। बृहस्पतिवार को शाम करीब 4.00 बजे वह बुटीक से घर खाना खाने के लिए निकला। इस बीच जैसे ही वह बाहर आया पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने उस पर गोलियां बरसा दी। मौके पर भगदड़ मच गई। वारदात के बाद बदमाश पिस्तौल लहराते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने पंकज को अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि, पंकज के किसी दोस्त की किसी से रंजिश चल रही है। उसमें पंकज ने बीच-बचाव कराने की कोशिश की थी। परिजनों का कहना है कि, उन लोगों ने ही उसे गोली मारी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
