
नई दिल्ली: कांग्रेस में शीला दीक्षित और जेपी अग्रवाल के बीच काफी समय से तनाव और मतभेद चल रहा है और इस मतभेद के अंत होने के आसार भी अभी नजर नहीं आ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने वीरवार को बैठक बुलाई थी जिसमें चुनाव की तैयारियों पर तो इतनी चर्चा नहीं हुई जितनी की कांग्रेसी नेताओं की आपस में चल रही लड़ाइयों पर हुई।
राहुल ने शीला दीक्षित और अग्रवाल को लताड़ लगाई कि आपसी मतभेद जल्द खत्म किया जाए। सूत्रों के अनुसार राहुल ने बैठक में शिकवें-शिकायतों पर ज्यादा चर्चा की। राहुल ने साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सरकार और पार्टी के बीच समन्वय बिठाने पर जोर दिया और कहा कि पार्टी को अपसी मतभेद छोड़ कर चौथी जीत हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए।
बैठक के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के राजनैतिक सचिव अहमद पटेल और पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी और वीरेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। राहुल ने पार्टी को कहा कि वह पार्टी में किसी तरह की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं करेंगे। राहुल ने कहा कि उन्होंने पिछले महीने ही कह दिया था कि कि वह मां सोनिया की तरह नरमदिल नहीं हैं।
