
पधर (मंडी)। कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने कहा है कि पहाड़ी राज्य में रेल दौड़े, इसके लिए केंद्र सरकार से पूरी वकालत की जाएगी। बतौर सांसद कार्यकाल में उन्होंने राज्य के दर्जनाें मार्गों को एनएच में शामिल किया है। आज हाईवे पर वाहनों की भारी संख्या को देखते हुए प्रदेश में रेल लाइन का विस्तारीकरण और नई रेल लाइन बिछाना समय की जरूरत बन गई है। जेएंडके की तर्ज पर इस दिशा में प्रदेश में काम किया जाएगा।
द्रंग विधानसभा क्षेत्र के कुन्नू, इलाका दूंधा के पदवाहण, चौहारघाटी के निचला रोपा, टिक्कन, उरला में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास के नाम पर वोट मांगें हैं। जबकि भाजपा ने प्रदेश की जनता के साथ छलकपट की राजनीति कर जनता को गुमराह किया है। प्रदेश के सर्वांगीण विकास के पीछे कांग्रेस का हाथ है और कांग्रेस की सोच पर प्रदेश का विकास आगे बढ़ता जाएगा। कांग्रेस ने कभी भी चरित्र हनन की राजनीति नहीं की है। उन्होंने भाजपा नेताओं को सलाह दी कि चुनाव में सांसद निधि का ढिंढोरा पीट कर उन्हें कोई लाभ नहीं मिलने वाला है। कांग्रेस ने सूचना का अधिकार दिया है। भाजपा नेता उसका इस्तेमाल करके सांसद निधि की तसल्ली कर लें। उन्हें एक एक पैसे का हिसाब मिलेगा। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर को दो टूक कहा कि चुनाव में मुकाबला सरकारों से नहीं, प्रत्याशी के साथ होता है। इस मौके पर स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, जिला अध्यक्ष पूर्ण चंद ठाकुर, द्रंग ब्लाक अध्यक्ष जोगिंद्र गुलेरिया आदि मौजूद रहे।
