
बिलासपुर। थाना सदर के तहत एक नाबालिग लड़की के लापता होने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार शाम पुलिस ने उसे दबोचा। न्यायालय में पेश करने पर उसे 19 जून तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ रोज पहले एक नाबालिग अचानक गायब हो गई थी। परिजनों ने एक महिला पर उनकी बेटी का अपहरण करने के आरोप लगाए थे, लेकिन अब मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार चंडीगढ़ में रह रहे बिलासपुर के एक युवक के साथ लड़की रही थी। युवक को पूछताछ के लिए यहां बुलाया तो उसे गिरफ्तार किया गया। हालांकि, अभी तक पुलिस को नाबालिग लड़की का पता नहीं चल पाया है। पुलिस उप अधीक्षक प्रताप सिंह ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दो जून को इस संदर्भ में मामला दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा कि आरोपी को 19 तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
