
पुणे: राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने कहा कि नीतीश, नवीन और ममता की तिकड़ी का प्रस्तावित संघीय मोर्चा किसी भी सूरत में सफल नहीं होगा, क्योंकि सभी मजबूत सदस्य प्रधानमंत्री बनने की आकांक्षा पाले हुए हैं।
वीरवार अपने पारिवारिक सदस्यों के साथ शिरडी में साई बाबा के दर्शन के बाद यादव ने संवाददाताओं से बातचीत में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की आलोचना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आर.एस.एस.) का तोता करार दिया। लालू ने भाजपा के झूठी धर्मनिरपेक्षता की भी आलोचना की और कहा कि यह महज उनका राजनीतिक हथकंडा है और ऐसा वह वोट बटोरने के लिए करते हैं।
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन यू.पी.ए. सरकार के खाद्य सुरक्षा विधेयक पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि वह इस विधेयक के पक्ष में हैं। इससे पहले यादव अपनी पत्नी पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और अन्य सदस्यों के साथ शिरडी पहुंचे और साई बाबा की पूजा-अर्चना की।
