मलबे की चपेट में आए पीडब्ल्यूडी कर्मी की मौत

भरमौर (चंबा)। भरमौर-थल्ला-सिरड़ी मार्ग के बीच घुडथु घार के पास तैनात पीडब्ल्यूडी कर्मी की पत्थर लगने से मौत हो गई है। वीरवार सुबह घुडथु घार के पास मार्ग पर बारिश के कारण पत्थर गिर रहे थे। इन पत्थरों को हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी कर्मी जोगिंद्र सिंह पुत्र धनिया राम को बाकी मजदूरों के साथ वहां तैनात कर रखा था। जब जोगिंद्र सिंह सड़क से मलबा हटा रहा था तो अचानक ऊपर से घार (मलबा) आई और एक पत्थर जोगिंद्र को लगा। इससे जोगिंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना तुरंत साथी मजदूरों ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और पुलिस को दी। अधिशासी अभियंता जितेंद्र धीमान ने बताया कि जोगिंद्र को सड़क से मलबा हटाने के काम पर तैनात किया गया था। इसी दौरान वह घार के पत्थर की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने कनिष्ठ अभियंता को आदेश दिए हैं कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करें। दूसरी ओर, पुलिस ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर मामला दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। इस घटना पर लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने शोक प्रकट किया है।

Related posts