
चंबा। जिला भर के स्कूलों के छात्रों को तीन दिन के भीतर बस पास बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसा न होने पर स्कूल मुखिया पर कार्रवाई करने का निर्णय लिया है। इसके तहत स्कूल मुखिया से बच्चों का बस किराया वसूला जाएगा। विभाग से प्राप्त सूचना क मुताबिक जिला भर के अधिकांश स्कूलों के छात्रों के बस पास नहीं बने हैं। इस कारण छात्रों को फ्री बस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। छात्र-छात्राओं को स्कूल आने-जाने के लिए अपनी जेब से बस किराया देना पड़ रहा है। शिक्षा विभाग की ओर से जिला भर के स्कूलों को निर्देश जारी किए गए हैं कि तीन दिन के भीतर सभी स्कूली बच्चों के बस पास बनवा लें। इसके अलावा स्कूल मुखिया खुद आरएम के पास जाकर छात्रों की लिस्ट को जमा करवाएं और उनके बस पास बनवाएं। साथ ही लेमिनेट करवाकर बस पास स्कूली बच्चों को मुहैया करवाएं। ऐसा न करने पर स्कूल मुखिया को अपनी जेब से स्कूली बच्चों का बस किराया भरना पड़ेगा। उल्लेखनीय है कि बस पास न बनने के कारण जहां स्कूली छात्रों को फ्री बस सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि स्कूल मुखिया को तीन दिन के भीतर स्कूली बच्चो के बस पास बनाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्धारित समय में बस पास न बनने पर स्कूलों को डिफाल्टर घोषित कर दिया जाएगा और संबंधित स्कूल मुखिया से स्कूली बच्चों का बस किराया वसूला जाएगा।
