नप में स्टाफ की कमी से बिगड़ा सिस्टम

चंबा। नगर परिषद चंबा में स्टाफ की कमी के चलते सिस्टम गड़बड़ा गया है। इस कारण मौजूदा कर्मियों को अपने ओहदे से ऊपर के पदों का काम भी निपटाना पड़ रहा है। ऐसे में जहां नगर परिषद का कामकाज प्रभावित हो रहा है, वहीं कर्मचारियों पर भी काम का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। नगर परिषद में मौजूदा समय में कार्यकारी अधिकारी सहित सहायक अभियंता, एक सीनियर असिस्टेंट, तीन जूनियर असिस्टेंट और एक क्लर्क का पद खाली पड़ा हुआ है। इस कारण नप में सेवारत कर्मचारी अतिरिक्त काम के बोझ तले दबे हुए हैं। व्यवस्था गड़बड़ाने से शहरवासियों के काम भी समय पर नहीं हो रहे हैं। इस कारण लोगों में सरकार के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। शहरवासी रोहित सिंह, हरदेव कुमार, प्यार चंद, देव राज, पियूष कुमार, अरुण, रमन सिंह, दीवान चंद और राकेश ने बताया कि उनके राशन कार्ड समय पर नहीं बन रहे हैं। इस कारण उन्हें रोज-रोज नगर परिषद के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। नगर परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने कहा कि स्टाफ की भारी कमी के बारे में बार-बार सरकार व उच्च अधिकारियों को अवगत करवाया जा रहा है। स्टाफ की कमी से कामकाज प्रभावित हो रहा है।
राशनकार्ड बनाने का कार्य शुरू
नप अध्यक्ष अनीता ठाकुर ने बताया कि नप कार्यालय में शहरवासियों के राशन कार्ड बनाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए पुराना राशन कार्ड और आधार कार्ड साथ में लाना अनिवार्य है।

Related posts