सिपाही का हत्यारोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली। मई 2012 में दिल्ली पुलिस के सिपाही को टाटा-407 से कुचलकर मौत के घाट उतारने वाले मेवाती बदमाश को दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दबोच लिया है। पकड़े गए अपराधी की पहचान अशफाक उर्फ अस्सा (22) के रूप में हुई है। बदमाश की गिरफ्तारी पर दिल्ली पुलिस आयुक्त ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस के मुताबिक अशफाक मेवाती शाकिर गैंग का बदमाश है। अहम है कि पुलिस शाकिर समेत अन्य आरोपियों को पहले ही दबोच चुकी है। अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि गत वर्ष 17/18 मई की रात को भारत नगर इलाके में सिपाही नरेश और होमगार्ड शंकर बाइक पर गश्त कर रहे थे। इस बीच टाटा-407 सवार बदमाशों ने पुलिस और पब्लिक पर हमला कर दिया। वायरलेस पर सूचना पाकर नरेश वहां पहुंचा और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। लेकिन बदमाशों ने नरेश की बाइक को टक्कर मार दी। नरेश की मौके पर ही मौत गई जबकि शंकर बुरी तरह जख्मी हो गया। बदमाश मौके से फरार हो गए। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या की इस वारदात को मेवात के कुख्यात शाकिर गैंग ने अंजाम दिया है। छानबीन के बाद पुलिस ने शाकिर व अन्य लोगों को दबोच लिया था। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि नरेश की हत्या में नूह मेवात निवासी अशफाक उर्फ अस्सा का अहम रोल रहा है। तभी से पुलिस को उसकी तलाश थी। इस बीच मंगलवार को पुलिस को सूचना मिली कि अस्सा लाडो सराय आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts