सड़क बनने के बाद भी नहीं पहुंच रहा गैस वाहन

बागेश्वर। बागेश्वर-दफौट मार्ग बनने के बाद भी क्षेत्र में एक अदद विस्तार बिंदु वितरण केंद्र नहीं बन सका है। केंद्र के नहीं बनने से क्षेत्र के दो हजार गैस उपभोक्ताओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें एक सिलेंडर को दोबारा भराने में एक से दौ सौ रुपये अतिरिक्त खर्च करना पड़ रहा है। अब क्षेत्र के लोगों ने अपनी इस लंबित मांग को पूरी करने को लेकर कमर कसनी शुरू कर दी है।
मालूम हो कि बागेश्वर-दफौट मार्ग में छोटे वाहन और ट्रकों की आवाजाही शुरू हो गई है। अब वाहन गुरना तक जा भी रहे हैं। लेकिन क्षेत्र में आज भी गैस सिलेंडर का वाहन नहीं जा पा रहा है। वाहन के नहीं जाने से क्षेत्र के नायल, किमौली, खोलाखेत, भीड़ी, सिमखेत और जल्थाकोट सहित दर्जनों गांवों के उपभोक्ताओं को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि उन्होंने क्षेत्र में चमड़थल, मोहन नगर, नायल में विस्तार बिंदुओं की मांग कई बार कर दी हैं लेकिन आज तक पूरी नहीं हो सकी है। वाहन नहीं आने से क्षेत्र के लोगों को खाली सिलेंडर भराने के लिए चार से पांच किमी दूर घिंघारूतोला जाना पड़ता है। इस काम में उन्हें 100 से 200 रुपये अतिरिक्त खर्च करने पड़ रहे हैं। सामाजिक कार्यकर्ता आनंद तिवारी, मनोज, राजेंद्र प्रसाद तिवारी, खड़क सिंह दफौटी, जगदीश दफौटी, मंटू, बसंत तिवारी, सुरेश तिवारी, जानकी, पुष्पा, हंसी, बबीता, गीता सहित ग्रामीणों का कहना है कि यदि शीघ्र क्षेत्र में गैस वितरण के लिए विस्तार बिंदु तय नहीं किए गए तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। इधर, स्थानीय गैस एजेंसी के प्रबंधक एसएस खत्री का कहना है कि नए विस्तार बिंदुओं की स्वीकृति के लिए मुख्य कार्यालय से अनुमति मांगी गई है। जिसमें दफौट क्षेत्र शामिल हैं। स्वीकृति मिलते ही वाहन भेजा जाएगा।

Related posts