डोली की आगवानी करने वालों में ज्यादातर अधिकारी

पौड़ी। शिक्षा और पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी की अगुवाई में पौड़ी पहुंची जगदीशिला विश्वनाथ की डोली यात्रा का लोगों ने भव्य स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोगों ने डोली के दर्शन किए। पौड़ी पहुंचने पर डोली यात्रा की आगवानी करने वालों में ज्यादातर पेयजल और शिक्षा विभाग के अधिकारी नजर आए। बस स्टेशन से जेल गार्डन तक डोली को कंधे पर रखकर जनसमूह के साथ लाया गया। इसमें शिक्षा और पेयजल विभाग के मंडल से लेकर जिला और ब्लाक स्तर के अधिकांश अधिकारी शामिल थे। यहां आयोजित कार्यक्रम में मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य विश्व शांति और प्रदेश में देव संस्कृति बनाए रखना है। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, कांग्रेस जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह रावत, नगर अध्यक्ष कामेश्वर राणा समेत कई लोग मौजूद थे। इस मौके पर लोगों ने मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर पानी और शिक्षा से संबंधित ज्ञापन सौंपे।

प्रस्तावित योजनाओं के इस्टीमेट बनाने के निर्देश
पौड़ी। जेल गार्डन में शिक्षा और पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने शिक्षा और पेयजल विभाग के अधिकारियों की बैठक ली और योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने जल निगम के अधिकारियों को प्रस्तावित पेयजल योजनाओं के शीघ्र इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। कहा कि पौड़ी जिले में पेयजल योजनाओं के निर्माण को इस वित्तीय वर्ष 71.91 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की पेयजल समस्या का समाधान करने और विकास योजनाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। कहा कि दुर्गम और सुगम स्कूलों के निर्धारण जो खामियां सामने आ रही हैं उन्हें दूर किया जाएगा।

नानघाट पेयजल योजना की कराएं जांच
पौड़ी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पेयजल और शिक्षा मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि नानघाट योजना का खुद निरीक्षण करेंगे। योजना की जांच कर दोषी मिले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन से पौड़ी जिले की 14 निर्माणाधीन पेयजल योजनाओं के निर्माण को अवशेष राशि स्वीकृत की गई है। जिले की 10 प्रस्तावित पंपिंग योजनाओं के पीएफ तैयार करने को अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान लोगों की समस्या सुनने के साथ-साथ आवंटित बजट से काम हो रहा है या नहीं इसका भी निरीक्षण कर रहे हैं। नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम को शहर में सीवर जैटिंग मशीन के लिए प्रस्ताव भेजने को कहा।

भगवान विश्वनाथ के दर्शनों को उमड़ा जन सैलाब
कोटद्वार। प्रदेशभर में निकाली जा रही भगवान विश्वनाथ डोली यात्रा का कोटद्वार पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। लोगों ने भगवान विश्वनाथ के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया। डोली के साथ चल रहे राज्य के शिक्षा और पेयजल मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी का भी स्वागत किया गया। यहां विश्राम के बाद डोली बुधवार की सुबह पौड़ी के लिए रवाना हो गई। इस दौरान नारों की गूंज से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
भगवान विश्वनाथ की डोली यात्रा मंगलवार की रात करीब नौ बजे कुमाऊं क्षेत्र का भ्रमण कर कोटद्वार पहुंची। रात में भी बड़ी संख्या में लोग डोली यात्रा के स्वागत के लिए जमे थे। ढोल नगाड़ों से स्वागत के साथ डोली यात्रा को कोटद्वार शहर में प्रवेश कराया गया। डोली कौड़िया से झंडाचौक होते हुए सिद्धबली मंदिर पहुंची और यहीं रात्रि विश्राम कराया गया। डोली यात्रा के साथ चल रहे प्रदेश के पेयजल एवं शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि यह यात्रा उत्तराखंड की संस्कृति को जिंदा रखने के लिए निकाली जा रही है। इसका धार्मिक महत्व भी है। लोग जगह-जगह पर भगवान विश्वनाथ के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।

Related posts