शराब पीने पर होगा सामाजिक बहिष्कार

देवाल। दूरस्थ गांव सौरीगाड़ में युवक एवं महिला मंगल ने शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। गढ़वाल विवि के पूर्व महासचिव दर्शन सिंह दानू की अध्यक्षता में हुई बैठक में शराब के बढ़ते चलन एवं इसके प्रभाव पर चर्चा की गई। ग्रामीणों का कहना था कि शराब के चलते पूर्व में कई घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं इससे नई पीढ़ी पर बुरा असर पड़ रहा है। इस मौके पर लिखित प्रस्ताव को पारित कर गांव में समस्त सार्वजनिक एवं निजी कार्यों में शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया। गांव में शराब पीने वाले के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ सामाजिक बहिष्कार का निर्णय भी लिया गया। बैठक में उप प्रधान गोपाल दानू, महिला कांग्रेस की ब्लाक अध्यक्ष लवली बिष्ट, पूर्व प्रधान सरोप सिंह, यद्वुवीर सिंह, कलम सिंह, हुकुम सिंह आदि मौजूद थे।

Related posts