ग्रामीणों ने निकाला जुलूस, तहसील में किया प्रदर्शन

चौखुटिया। जंगली जानवरों से खेती को हो रहे नुकसान से आक्रोशित विभिन्न क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने चौखुटिया में जुलूस निकाला। बाद में तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करके एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
विभिन्न गांवों से आए ग्रामीणों ने देवभूमि जन जागृति समाज सेवा संस्था देहरादून के तत्वावधान में भटकोट से चौखुटिया बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए तहसील मुख्यालय तक जुलूस निकाला और तहसील कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पहाड़ों में रोजगार के साधन नहीं होने से लोग कृषि और बागवानी आदि माध्यमों से जैसे-तैसे जीविकोपार्जन कर रहे हैं परंतु पिछले कुछ सालों से जंगली सूअर, बंदर, आवारा पशु आदि उनकी फसल को बर्बाद कर रहे हैं। जिससे उनके लिए गंभीर समस्या पैदा हो गई है।
ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से निजात दिलाने की मांग की और शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर व्यापक आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी एसएस राणा को सौंपा। जुलूस प्रदर्शन में सेवा संस्था के अध्यक्ष प्रकाश पंत, अमर सिंह रावत, तारादत्त शर्मा, गंगा सिंह रावत, हेमलता पंत, दया देवी, कुबेर सिंह कठायत, जोगा सिंह, आनंद नाथ, मोहनी देवी, पार्वती देवी तुलसी देवी सहित कई लोग शामिल थे।

Related posts