
अल्मोड़ा। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार रात जिले की विभिन्न तहसीलों में उपजिलाधिकारियों ने अपने-अपने तहसील के अंतर्गत अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए छापे मारे। एसडीएम भनोली सीएस डोभाल ने गुरुड़ाबांज और गुणादित्य में दो ट्रकों को अवैध रूप से रेत ले जाते पकड़ा। ट्रक सीज कर 10.34 घन मीटर रेत जब्त कर लिया गया है। उधर चौखुटिया में ग्वाली-खीड़ा सड़क में 24 घन मीटर पत्थर जब्त किया गया है। जबकि अन्य तहसीलों में अवैध खनन के मामले नहीं पकड़े गए।
भनोली के एसडीएमसीएस डोभाल ने मंगलवार रात दो बजे गुरुड़ाबांज केपास ट्रकसंख्या यूके -01-सीए-0795 में लदा 5.18 घन मीटर अवैध रेता पकड़ा। यह वाहन महेश चंद्र पुत्र बद्री दत्त निवासी नैनोली बाराकूना का है। इसके बाद एसडीएम तड़के तीन बजे गुणादित्य पहुंचे। यहां वाहन संख्या यूए-04-डी6091 में 5.16 घनमीटर रेत पकड़ा गया। यह वाहन हरीश जोशी पुत्र रेवाधर निवासी लालकुआं (हल्द्वानी) का है। दोनों वाहन सीज कर तहसील परिसर गुरुड़ाबांज लाए गए हैं। उन्होंने बताया कि अवैध खनन परिवहन एवं भंडारण निवारण नियमावली 2005 की धारा 4/21 के तहत चालान कर रिपोर्ट डीएम को भेज दी गई है।
उधर चौखुटिया के ग्वाली-खीड़ा सड़क के समीप 24 घनमीटर पत्थर जब्त किया गया। डीएम ने बताया कि संयुक्त मजिस्ट्रेट रानीखेत ने भुजान में कुजगढ़ नदी में छापा मारा पर कोई मामला प्रकाश में नहीं आया। इसके अलावा सल्ट तहसील, जौरासी-गनाई, तड़ागताल-द्वाराहाट सड़क तथा एसडीएम शिवचरण द्विवेदी ने एनटीडी-विश्वनाथ सड़क में छापा मारा लेकिन अवैध खनन का कोई मामला नहीं मिला।
