धारा 118 का सरलीकरण जरूरी

धारा 118 का सरलीकरण जरूरी
बद्दी (सोलन)। बीबीएन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र गुलेेरिया के नेतृत्व में संघ का एक प्रतिनिधिमंडल उपनिदेशक उद्योग विभाग तिलकराज शर्मा से मिला। इस मौके पर औद्योगिक संस्थाओं के पदाधिकारियों ने प्रदेश की नई बन रही औद्योगिक पॉलिसी को लेकर सुझाव दिए। जिससे प्रदेश में और ज्यादा औद्योगिक निवेश हो सके।
बीबीएनआईए के अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया और महासचिव यशवंत गुलेरिया ने सरकार से पर्याप्त मात्रा में लैंड बैंक बनाने और धारा 118 को सरलीकरण करने की बात रखी। बीबीएनआईए के संगठन सचिव अश्विनी शर्मा ने उपनिदेशक तिलकराज शर्मा को कहा कि एक विशेष एरिया में नए औद्योगिक कलस्टर बनाकर उसको विकसित किया जाए और विभिन्न प्रकार के बैरियरों को हटाकर फ्री ट्रेड पालिसी के बारे में चर्चा हुई।
सूचना प्रौद्योगिकी पर आधारित उद्योगों को प्रदूषण क्लीयरेंस के दायरे से मुक्त रखने और कंसैट टू आपरेट नवीनीकरण की सीमा 90 दिन तय करने की मांग रखी गई। बीबीएनआईए के प्रवक्ता संजय खुराना और बिजली समिति के चेयरमैन शैलेष अग्रवाल ने सिंगल विंडो प्रणाली को सशक्त करने का सुझाव दिया और धारा 118 को 45 दिन और पूरा प्रोजेक्ट 90 दिनों में क्लीयर करने की समय सीमा निर्धारित की जाने की मांग रखी। वहीं गत्ता उद्योग संघ के प्रदेशाध्यक्ष मुकेश जैन ने राज्य के भीतर ही बनने वाले गत्ता पेटी पर पांच फीसदी टैक्स को हटाने की बात कहीं। उपनिदेशक तिलक राज शर्मा ने संघ के पदाधिकारियों से सुझाव सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
इस अवसर बीबीएन उद्योग संघ के अध्यक्ष राजेंद्र गुलेरिया, महासचिव यशवंत गुलेरिया, संगठन सचिव अश्विनी शर्मा, संजय खुराना, सीएन धर, शैलेष अग्रवाल, दीपक भंडारी, राजीव अग्रवाल, गत्ता उद्योग संघ प्रांतीय प्रधान मुकेश जैन, सुमित शर्मा, लघु उद्योग भारती के प्रदेश महासचिव एनपी कौशिक, मंडल अध्यक्ष राजीव कंसल, महामंत्री रणेश राणा, केआर चंदेल और एएन गुप्ता सहित कई उद्यमी मौजूद रहे।

Related posts