मधुमक्खियों के काटने से किसान की मौत

शिलाई (सिरमौर)। गिरिपार क्षेत्र की शिल्ला पंचायत में एक किसान की मधुमक्खियों के काटने से मौत हो गई। किसान दोपहर के वक्त खेतों में कार्य कर रहा था। इसी दौरान मधुमक्खियों ने उस पर हमला बोल दिया। मूक बधिर होने के कारण वह किसी से मदद भी नहीं ले पाया। किसान ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पंचायत शिल्ला के प्रधान रणजीत सिंह चौहान और गुमान सिंह चौहान ने कहा कि उप गांव नेड़ा बास निवासी किसान शुप्पा राम (55) की मधुमक्खियों के काटने से मौत हो गई। मंगलवार को मूक बधिर किसान खेतों में कार्य पर निकला। कार्य के दौरान पास ही एक मधुमक्खियों का झुंड अचानक आसपास मंडराने लगा। देखते ही देखते मधुमक्खियों ने किसान के शरीर पर हमला बोल दिया। मूक बधिर होने के कारण किसान आवाजें भी नहीं निकाल सका। किसान अचानक हुए मधुमक्खियों के हमले से अचेत होकर खेत में जा गिरा। कुछ दूरी पर स्थानीय किसान भी खेतों में कार्य कर रहे थे। अचानक शुप्पा राम के गिरने और मधुमक्खियों के झुंड के आक्रमण से लोग इधर उधर छिप गए। थोड़ी देर बाद मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक मधुमक्खियों के काटने से किसान दम तोड़ चुका था। पंचायत प्रधान ने पीड़ित परिवार को प्रशासन से मुआवजा देने की मांग रखी है।

Related posts