कुर्सी की लालसा से डाला उपचुनाव का बोझ

जोगिंद्रनगर (मंडी)। भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने बुधवार को चुनाव प्रचार अभियान के तहत जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के गुम्मा, जोगिंद्रनगर, चौंतड़ा, ऐहजू, लड़भड़ोल, बंजालग, लांगणा, मकरेड़ी, मछयाल, भराडू व नोहली में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। जय राम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीति और कुर्सी की लालसा को लेकर ही उपचुनाव जनता के सामने आया है। इस चुनाव से जनता पर करोड़ाें रुपये का बोझ पड़ा है। इसके लिए कांग्रेस सरकार जिम्मेवार है। लोक सभा चुनाव तो वर्ष 2014 में होने थे, लेकिन पूर्व केंद्रीय मंत्री के इस्तीफा देने और मुख्यमंत्री बनने के बाद यह चुनाव अभी होना निश्चित किया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार व उसके मंत्री कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के प्रचार करने के लिए आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं। पिछले पांच महीनों में वर्तमान कांग्रेस सरकार का कार्यकाल शून्य रहा है। सत्ता में आते ही उन्होनें बिजली दरों, खाद्य पदार्थों के दामों में बेतहाशा वृद्धि करके आम लोगों को दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल कर दिया है।
इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा, विधायक गुलाब सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक एवं जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी विपिन सिंह परमार, मुल्खराज प्रेमी, हिंदवीर कोहली जिलाध्यक्ष कांगड़ा, सुदेश राणा, ज्ञान चंद व हिमांशु मिश्रा आदि मौजूद थे।

Related posts