
चंबा। चंबा कालेज में पहले दिन एक भी विद्यार्थी की एडमिशन नहीं हुई। प्रवेश के पहले दिन कई विद्यार्थी कालेज पहुंचे थे। अधिकतर छात्र प्रथम वर्ष के थे लेकिन रूसा (राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान) शिक्षा प्रणाली के चलते प्रथम वर्ष के फार्म जमा नहीं हो पाए। द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्र प्रवेश लेने के लिए कालेज नहीं पहुंचे थे। रूसा प्रणाली कालेजों में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सिरदर्द बन गई है। रूसा के नए नियम छात्रों, छात्र संगठनों और कुछ अध्यापकों को पूरी तरह समझ नहीं आ रहे हैं। इसके चलते बुधवार को कालेज में प्रथम वर्ष के एक भी विद्यार्थी का फार्म जमा नहीं हो पाया। अधिकतर विद्यार्थियों ने प्रवेश फार्म पुराने पैटर्न पर भरे थे। इस कारण कालेज प्रशासन ने इन फार्मों को दोबारा से भरने के लिए कहा। एनएसयूआई चंबा इकाई ने प्रथम वर्ष के पहले दिन फार्म न लिए जाने पर रोष प्रकट किया। एनएसयूआई के चंदन नरूला और अनिल का कहना है कि विश्वविद्यालय प्रशासन और कालेज प्रशासन की ढील के चलते यह सब हुआ है। विवि और कालेज प्रशासन को इसमें जल्द सुधार करना चाहिए। एबीवीपी के जिला संगठन मंत्री अमी चंद ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया के लिए जो नए फार्म आए हैं, कालेज प्रशासन उसको स्टडी करे और जल्द नए छात्रों को कालेज में प्रवेश दिया जाए।
चंबा कालेज के प्राचार्य डा. पीके गुप्ता ने बताया कि रूसा के नियमों का विद्यार्थियों को पता नहीं है। इस कारण वे नियमानुसार प्रवेश फार्म न भरकर पुराने तरीके से फार्म भर रहे हैं। प्रथम वर्ष के विद्यार्थी छात्र संगठनों के पास न जाकर कालेज के प्राध्यापकों से प्रवेश के संबंध में जानकारी लें। कालेज प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कमेटियां गठित कर रखी हैं। कालेज प्रशासन विद्यार्थियों को पूरी मदद देगा। डा. पीके गुप्ता ने बताया कि बताया कि प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के 19 जून तक प्रवेश फार्म लिए जाएंगे। द्वितीय व तृतीय वर्ष में एडमिशन पुराने तरीके से होगी।
