
डलहौजी (चंबा)। गृह रक्षा संगठन की बैठक प्रधान जोगिंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इसमें गृह रक्षकों की समस्याओं पर चर्चा की गई। गृह रक्षकों का कहना है कि प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान उनको पंजाब से बढ़कर वेतन और अन्य सुविधाएं देने की घोषणा की थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद कुछ भी नहीं किया गया। जिले में गृह रक्षकों की 92 ड्यूटियां खत्म कर दी गईं। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि गृह रक्षकों को जिन स्थानों पर तैनात किया जाता है उनसे वहीं ड्यूटियां ली जाएं। उन्हें कोई भी निजी कार्य न दिया जाए।
बैठक में यह भी चर्चा की गई कि पिछले साल वर्ष सरकार ने यह निर्णय लिया था कि जिला चंबा में चल रही परियोजनाओं की सुरक्षा का जिम्मा गृह रक्षकों को दिया जाएगा लेकिन इस तरह का कोई भी कदम अभी तक उठाया नहीं गया है। इन सभी मुद्दों पर संगठन के प्रतिनिधि सरकार व जिला प्रशासन से कई बार गुहार लगा चुके है परंतु स्थिति जस की तस है। सरकार का गृह रक्षकों के प्रति अगर यही रवैया रहता है तो गृह रक्षा कल्याणकारी संगठन कड़े कदम उठाएगा। बैठक में सरकार से गुहार लगाई गई कि गृह रक्षकों की खत्म की गई ड्यूटियों को पुन: बहाल किया जाए। बैठक में संगठन सचिव रुमाल सिंह, मुख्य सलाहकार सिकंदर सिंह, सदस्य लवी, अमर सिंह, हंसराज, जगदीश चंद, बलविंद्र सिंह, प्रेम राज, बलदेव सिंह, कृष्ण चंद और विनोद कुमार आदि उपस्थित रहे।
