मोदी के आने से मजबूत होगी भाजपा : धूमल

कुल्लू। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि नरेंद्र मोदी को चुनाव समिति का प्रभारी बनाने से प्रदेश भाजपा मजबूत होगी। वह कुल्लू में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी हिमाचल को अटल बिहारी वाजपेयी की तरह अपना दूसरा घर मानते हैं। मोदी ने सात साल हिमाचल में बिताए हैं। वह यहां के प्रभारी भी रहे हैं। धूमल ने कहा कि मोदी के रूप में देश को एक मजबूत प्रधानमंत्री मिल सकता है। इस समय देश की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा खतरे में हैं। चीन और पाकिस्तान की गतिविधियां बढ़ गईं हैं। चीन हमारी सीमाओं पर 19 किलोमीटर तक अंदर घुस गया था, लेकिन यूपीए सरकार ने कुछ नहीं किया। देश को नरेंद्र मोदी जैसा एक मजबूत नेता मिला है। धूमल ने कहा कि सरकार बदले की भावना से अटल के नाम की योजनाओं के नाम बदल रही है। यदि कांग्रेस का यह क्रम नहीं थमा तो भाजपा भी कांग्रेस नेताओं के नाम पर शुरू योजनाओं के नाम बदलने से परहेज नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि ऊना के संतोषगढ़ में वीरभद्र चौक बना हुआ है। एक निजी विश्वविद्यालय का नाम भी वीरभद्र है। फोन टैपिंग के सवाल पर धूमल ने कहा कि वह किसी भी जांच को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि एचपीसीए के होटल को जमीन देने के मामले में सरकार जांच करवा सकती है।

Related posts