
सांगला (किन्नौर)। कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए आए बिलासपुर सदर के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस सेवादल के प्रवक्ता विजय डोगरा ने किन्नौर में दावा किया कि प्रतिभा सिंह भारी बहुमत के साथ जीत कर लोकसभा पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रहे जय राम ठाकुर प्रतिभा सिंह के आगे कहीं भी खड़े नहीं हो पाएंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के कार्यकाल में किन्नौर में विकास के कार्य ठप पड़े रहे। वहीं, जेपी कंपनी ने भी भाजपा की शह पर यहां के लोगों के हकों पर डाका डाला है। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस ऐसा नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की शह पर जेपी ने 82 करोड़ रुपये के कार्य अपनी मर्जी से लाडा की धन राशि से किए, जो नियमों को ताक पर रख कर किए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने पांच माह के कार्यकाल के दौरान हर वर्ग को राहत दी है। कांग्रेस सेवादल की ओर से प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अतिरिक्त मुख्य संगठक शेर सिंह नेगी को चुनाव प्रचार का जिम्मा सौंपा गया है। जबकि, किन्नौर सेवादल प्रमुख रतन लाल नेगी समन्वयक होंगे। इसी तरह किन्नौर महिला कांग्रेस सेवादल संगठक तारा मौयान तथा प्रदेश महिला कांग्रेस सेवादल संगठक मंत्री भाषा मणी पर्यवेक्षक के तौर पर कार्य करेंगी।
